चारामा के एकमात्र महाविद्यालय को लेकर मांग:जैसाकर्रा कॉलेज में पीजी कोर्स और लाइब्रेरी की मांग, उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और कांकेर प्रभारी मंत्री अरुण साव के चारामा दौरे के दौरान स्थानीय शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की मांग की गई। डडसेना कलार समाज बस्तर संभाग के युवा प्रकोष्ठ महासचिव देवेंद्र सिन्हा ने ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्राम जैसाकर्रा के शासकीय गैद सिंह महाविद्यालय में नए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग की गई। इनमें एमएससी गणित, रसायन, जंतुविज्ञान और एमए हिंदी, अंग्रेजी, भूगोल शामिल हैं। साथ ही इंडोर स्टेडियम और सेंट्रल लाइब्रेरी की भी मांग की गई। चारामा के विकास के लिए रखी कई मांगें चारामा क्षेत्र का यह एकमात्र महाविद्यालय है। यहां दूरदराज के क्षेत्रों से छात्र पढ़ने आते हैं। उच्च शिक्षा के लिए उन्हें शहरों की ओर जाना पड़ता है। कई छात्र आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ देते हैं। नगर पंचायत चारामा के विकास के लिए भी कई मांगें रखी गईं। समता रंग मंच में टीना शेड डोम के निर्माण की मांग की गई। इससे वार्षिक आयोजनों में टेंट पर होने वाले खर्च में कमी आएगी। वार्ड क्रमांक 13 में महानदी किनारे गार्डन बनाने का प्रस्ताव रखा गया। नगर में एक भी गार्डन नहीं होने से सभी आयु वर्ग के लोगों को परेशानी होती है। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के पास घायल गौवंश की देखभाल के लिए शेड और स्टोर रूम बनाने की मांग भी की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *