दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया द्वारा नवंबर में आयोजित फाइनल परीक्षा के रिजल्ट घोषित कर दिए गए हैं। युक्तेश मित्तल रांची शाखा के टॉपर बने हैं। दूसरे स्थान पर ऋतिक राज, तीसरे पर अनुष्का, चौथे स्थान पर गौरव कुमार ओझा और पांचवें स्थान पर आर्यन राज टाक रहे। सीए फाइनल परीक्षा राष्ट्रीय स्तर पर 443 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई थी। घोषित परिणाम के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर पर फाइनल परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों में से दोनों ग्रुप में 13.44%, प्रथम ग्रुप में 16.8% और द्वितीय ग्रुप में 21.36% परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की है। ग्रुप ए में 66,987 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठे और 11,253 उत्तीर्ण हुए। ग्रुप बी में 49,459 परीक्षार्थी शामिल हुए और 10566 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। दोनों ग्रुप में 30763 परीक्षार्थी शामिल हुए और उनमें से 4134 सफल हुए हैं। रांची शाखा की चेयरपर्सन श्रद्धा बागला ने सफल परीक्षार्थियों को हार्दिक बधाई दी है। युक्तेश मित्तल अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी से हैं, जिन्होंने सीए की परीक्षा उत्तीर्ण की है। उनके परिवार में दादा सीए जगतानंद अग्रवाल और पिता सुमित अग्रवाल भी रांची के जाने-माने प्रोफेशनल चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। सुमित अग्रवाल रांची शाखा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसी तरह तीसरी पीढ़ी के पांचवें स्थान पर रहे आर्यन राज टाक हैं,उनके दादा वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए कांति चंद्र टाक और पिता सीए राजीव टाक है। वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट कांति चंद्र टाक भी रांची शाखा के अध्यक्ष रह चुके हैं।


