मेयो कॉलेज की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में गुरुवार को चार दिवसीय समारोह का आगाज़ हुआ। पहले दिन सुबह के सत्र में पैरेंट्स स्पेशल असेंबली, स्टूडेंट्स एग्ज़िबिशन, आर्ट प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। दोपहर के सत्र में विंटेज कार डिस्प्ले और इसके बाद विंटेज राइड टू मेयो के आयोजन ने समारोह खास बना दिया। एक से बढ़कर एक विंटेज कार जब बारी-बारी से राइड के लिए निकलीं, तो मेयो कॉलेज परिसर में देश-दुनिया से पहुंचे मेहमानों की नज़र इन चमचमाती कारों पर ठहर गई। सायंकालीन सत्र में एडवांस एआई लैब की शुरुआत हुई। जूनियर स्कूल प्ले और रितिक खन्ना के फैशन शो ने हर किसी का मन मोह लिया। विंटेज रैली व डिस्प्ले के समन्वयक अविजित सिंह बदनौर ने कहा कि 25 यूनिक कारें विंटेज डिस्प्ले के लिए मंगाई गई हैं। इनमें ऐसी कारों को चयनित किया गया जिनमें इंजन और सभी पार्ट्स ऑरिजनल हैं। सभी कारें मेयो के वर्तमान, पूर्व और दिवंगत छात्रों की हैं। यह है दुनिया की इकलौती कार कंपनी ने स्पेशल एडिशन में एक ही बनाई थी। वीरविक्रम सिंह की 1939 की 3557 सीसी की डिलाहे-135 एमएस, फिगोनी एंड फालास्ची कन्वर्टिबल कार दुनियाभर में इकलौती है। विंटेज रैली के समन्वयक अविजित सिंह बदनौर ने बताया कि यह कार दुनिया में एक ही है, कंपनी ने स्पेशल एडिशन में इसे निर्मित किया था।


