दतिया के इंदरगढ़ नगर में महिसा से दहेज के लिए मारपीट की गई। पीड़िता ने पति, सास और ससुर पर दहेज में कार की मांग को लेकर मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर इंदरगढ़ थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 24 वर्षीय पीड़िता ने अपने पिता के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जिस में पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 10 मई 2024 को रवि गोस्वामी, निवासी गरौठा, जिला झांसी (उत्तर प्रदेश) के साथ हुई थी। शादी में खर्च किए थे 11 लाख
पीड़िता के अनुसार, उसके पिता पेशे से शिक्षक हैं और उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार शादी में करीब 11 लाख रुपए नगद, सोने की अंगूठी व चेन, होंडा शाइन मोटरसाइकिल, फलदान व गृहस्थी का पूरा सामान दिया था। विवाह के शुरुआती 2–3 महीने तक ससुराल पक्ष का व्यवहार ठीक रहा, इसके बाद पति रवि गोस्वामी, सास हीरा गोस्वामी और ससुर लालाराम गोस्वामी उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगे। कार नहीं दिलाई तो घर से निकालने की धमकी दी
आरोप है कि ससुराल पक्ष चार पहिया वाहन की मांग करने लगा और कहा कि यदि कार नहीं दिलाई तो उसे ससुराल में नहीं रखा जाएगा। इस दौरान कई बार उसके साथ मारपीट की गई और उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। बाद में ससुराल वाले उसे मायके छोड़कर चले गए। पीड़िता ने बताया कि वह पिछले करीब 7 महीने से मायके में रह रही है और उसे लेने कोई नहीं आया। जब रिश्तेदारों के माध्यम से समझाने का प्रयास किया गया तो 25 जनवरी 2026 को पति, सास और ससुर मायके पहुंचे, जहां उन्होंने फिर चार पहिया वाहन की मांग दोहराई। इसी दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की और साफ कहा कि वह उसे अब नहीं रखेगा। रिश्तेदारों के समझाने पर पहले पुलिस में शिकायत नहीं की गई, लेकिन लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने अब अपने पिता के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


