मध्य प्रदेश परशुराम कल्याण बोर्ड ने एक बड़ी घोषणा की है। बोर्ड के अध्यक्ष पंडित विष्णु राजोरिया ने रविवार को इंदौर में आयोजित 15वें अखिल भारतीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन में कहा कि जो नवविवाहित जोड़े चार संतानों को जन्म देंगे, उन्हें एक लाख रुपये की राशि दी जाएगी। इस घोषणा के बाद सनाढ्य ब्राह्मण सभा ने बोर्ड के इस फैसले का स्वागत किया। सभा ने इसे सनातन धर्म की मजबूती के लिए एक साहसिक कदम बताया। कार्यक्रम में सभा के पदाधिकारियों ने पंडित राजोरिया का 21 किलो के पुष्पहार से सम्मान किया। सभा ने एक प्रस्ताव पारित कर नवविवाहित जोड़ों से आग्रह किया कि वे अपने पूर्वजों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अधिक संतानों को जन्म दें। सभा का मानना है कि इससे राष्ट्र, धर्म और संस्कृति की रक्षा में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में सभा के अध्यक्ष पंडित देवेंद्र शर्मा, महासचिव पंडित संजय जारोलिया सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।


