करौली के भीकमपुरा गांव में चार दिन से लापता बुजुर्ग रामचरण शर्मा (65) का शव मंगलवार को छेड़ का नाला जंगल क्षेत्र में झाड़ियों के बीच संदिग्ध अवस्था में मिला। रामचरण एक शादी की रस्म के लिए लकड़ी लेने जंगल गए थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था। परिजन और ग्रामीण चार दिनों से लगातार उनकी तलाश में जुटे थे। पुलिस, ग्रामीण स्वयंसेवकों और वन विभाग की टीम ने ड्रोन कैमरे की मदद से बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता मंगलवार को मिली, जब स्थानीय लोगों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सदर थानाधिकारी वीर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी की। इसी दौरान सीओ सिटी करौली अनुज शुभम और सिविल डिफेंस टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू में सहयोग किया। सिविल डिफेंस इंचार्ज प्रदीप कुमार के निर्देशन में मास्टर ट्रेनर जयदेव, योगेश चौधरी, खड़क सिंह, फरमान, अखलाक, पुष्पेंद्र, तरुण सहित टीम के सदस्यों ने कठिन परिस्थितियों में फंसे शव को सुरक्षित बाहर निकाला। करंट लगने की आशंका डीएसपी अनुज शुभम ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है कि रामचरण लकड़ी काटते समय पेड़ के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गए होंगे। घटनास्थल से एक कुल्हाड़ी और टूटा हुआ विद्युत तार बरामद हुआ है, जो करंट से मौत की संभावना को मजबूत करता है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।


