सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज और पीबीएम अस्पताल में चिकित्सा शिक्षा सचिव के दौरे और मैराथन बैठक के बाद बुधवार को प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. गुंजन सोनी एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने बुधवार को कॉलेज सभागार में शिशु औषध विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान अस्पताल में सेम्पल जांच में गड़बड़ी का मुद्दा भी उठा। बैठक के दौरान विभागाध्यक्ष शिशु औषध विभाग, पीबीएम उप अधीक्षक, यूनिट हैड्स, विभागीय नोडल अधिकारी, फ्लैगशिप योजनाओं के नोडल अधिकारी, आईटी विभाग के अधिकारी तथा एमबीए होल्डर व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्राचार्य डॉ. सोनी ने ईएमडी प्रभारी डॉ. जितेंद्र आचार्य को हीट वेव के दौरान अस्पताल में सभी एसी, कूलर, पंखें, वायर्स आदि को तुरंत प्रभाव से ठीक करवाने तथा खुले पड़े वायर्स को दो दिन में सही करवाने के निर्देश दिये। मरम्मत योग्य कूलर, पंखे आदि की मरम्मत कछवाये जाने की हिदायत दी। इस दौरान चिकित्सा शिक्षा सचिव द्वारा ली गई मीटिंग के क्रम में आईएचएमएस पोर्टल के माध्यम से एडमिशन और डिस्चार्ज करवाया जाए। इसके लिए सभी रेजिडेंट्स को पाबंद करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक मे एसीपी पंकज छिम्पा को सीसीटीवी कैमरों के सुचारू प्रबंधन तथा समय-समय पर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये। समीक्षा बैठक मे प्राचार्य डॉ. सोनी ने अनुपलब्ध व अपर्याप्त दवाइयों के प्रपोजल बनाने, अग्नि शमन यंत्रों की रिफिलिंग करने व चिकित्सा उपकरणों की स्थिति का समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बच्चा अस्पताल की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए डॉ. सोनी ने डॉ. कुलदीप बिट्ठू को अस्पताल परिसर का निरीक्षण करने एवं समय-समय पर कमियों से पीबीएम अधीक्षक को अवगत कराने की जिम्मेदारी दी। समीक्षा बैठक के क्रम मे मुख्यमंत्री नि:शुल्क जाँच योजना की समीक्षा की गई। ये रहे बैठक मे उपस्थित बच्चा अस्पताल की विभाग अध्यक्ष डॉ. रेणु अग्रवाल, डॉ. मुकेश बेनीवाल, डॉ. जीएस तंवर, डॉ. पवन डारा, महेश आचार्य, नर्सिंग ऑफिसर्स, ईएमडी विभाग की टीम सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।


