चिड़ावा में पिछले दो दिनों से छाए घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया है। गुरुवार को स्थिति और गंभीर हो गई, जब विजिबिलिटी घटकर मात्र 10 से 20 मीटर तक सीमित हो गई। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान में हर रोज वृद्धि दर्ज की गई है। बुधवार को जहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस था, वहीं गुरुवार को यह बढ़कर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन का अधिकतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान मौसम की स्थिति गेहूं और चने की फसलों के लिए अनुकूल है। यह मौसम फसलों की बढ़वार में सहायक साबित होगा।


