चिड़ावा रोड पर सड़क हादसा:दो गाड़ियों की आमने-सामने भिड़ंत, टोल कर्मचारी की मौत, 5 घायलटोल प्लाजा के पास हुई जोरदार टक्कर

जिले के सूरजगढ़ क्षेत्र में चिड़ावा रोड स्थित टोल प्लाजा के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो अनियंत्रित गाड़ियों की आपस में हुई भीषण भिड़ंत में एक टोल कर्मचारी की जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि गाड़ियों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही जीवन ज्योति रक्षा समिति की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने 32 वर्षीय टोल कर्मचारी उम्मेद पुत्र शीशराम मेघवाल को मृत घोषित कर दिया। उम्मेद की मौत की खबर से परिवार और टोल स्टाफ में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल पवन (38) पुत्र विजेंद्र (निवासी श्यालू कला) की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल झुंझुनूं के लिए रेफर कर दिया है। हादसे में घायल अन्य लोगों को स्थानीय लोगों और निजी वाहनों की मदद से चिड़ावा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। RPS दौलतराम पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करवाया। मृतक उम्मेद के शव को सूरजगढ़ सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक: उम्मेद (32), निवासी सूरजगढ़ क्षेत्र (टोल कर्मचारी)। गंभीर घायल: पवन पुत्र विजेंद्र, निवासी श्यालू कला (झुंझुनूं रेफर)। अन्य घायल: देवेंद्र (26) पुत्र श्रीपाल सिंह, निवासी गाडोली सहित 4 अन्य व्यक्ति जिनका उपचार चिड़ावा में जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *