चिता पर बैठा युवक, बोला-ये श्मशान घाट नहीं; VIDEO:निजी जमीन होने का किया दावा, ग्रामीण बोले-सालों से यहां क्रिया कर्म हो रहे

बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार से पहले एक युवक चिता पर बैठ गया। इस दौरान युवक ने दावा किया कि वह उसकी जमीन है। पंचायत का श्मशान घाट दूसरा है। इस दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। मामला सामने आने के बाद सोमवार को प्रशासन ने अतिक्रमण करने वाले युवक से समझाइश कर तारबंदी और खंभे हटाए। घटना भरतपुर जिले के बयाना उपखंड के पुराबाई खेड़ा गांव की है। दो तस्वीरों में देखिए पूरा मामला… 2 जनवरी को अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे थे ग्रामीण
पुराबाई खेड़ा गांव निवासी मंगतीराम ने बताया- 2 जनवरी को मेरी चाची मंगली (65) पत्नी किशोरी का निधन हो गया था। दोपहर को परिवार और आसपास के लोग शव का अंतिम संस्कार के लिए नदी किनारे स्थित श्मशान पर अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे। इस दौरान जब चिता तैयार की जा रही थी तो अभय सिंह चिता पर बैठ गया और दावा करने लगा कि वह जमीन उसकी है। मंगतीराम ने बताया-जब विवाद हुआ तो बड़े-बुजुर्गों ने तय किया कि अंतिम संस्कार खेतों में ही कर दिया जाए। इस पर हमारे खेतों में ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। अभय सिंह का दावा-जमीन मेरी निजी खातेदारी की
वहीं मामले को लेकर जमीन पर दावा करने वाले अभय सिंह ने बताया-जिस जमीन को ग्रामीण श्मशान की बता रहे हैं। वह मेरी निजी खातेदारी की जमीन है। मैं उस पर अब निर्माण करना चाहता हूं। पहले जब जमीन किसी काम नहीं आ रही थी तो हमने किसी को रोका नहीं था। ग्राम पंचायत की ओर से श्मशान के लिए दूसरी जगह आवंटित है। राजस्व विभाग जब पैमाइश करेगा तो पूरी स्थिति साफ हो जाएगी। तहसीलदार बोले-ग्रामीणों ने की थी शिकायत
तहसीलदार लालचंद वर्मा ने बताया- 5 जनवरी को एसडीएम बयाना और जिला कलेक्टर भरतपुर को ग्रामीणों ने मामले की शिकायत की थी। जिसमें बताया कि जब वे अंतिम संस्कार करने के लिए श्मशान गए थे, तब किसी ने चिता पर बैठकर विरोध किया। जिसका वीडियो भी गांव वालों की ओर से दिखाया गया। विवाद के चलते तारबंदी और पिलर्स हटाए
मामला संज्ञान में आने के बाद सोमवार की शाम नायब तहसीलदार संजय सोनी के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। गांव में विवाद ना बढ़े इसके लिए अभय सिंह से समझाइश कर जमीन से तारबंदी और पिलर्स को हटवाया गया है। कुछ दिनों में खसरा नंबर के से विधिवत पैमाइश के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि जमीन श्मशान की है या निजी खातेदारी की। तहसीलदार ने बताया-गांव वालो दावा कर रहे हैं कि सालों से वे यहां क्रिया कर्म कर रहे हैं। वहीं अभय सिंह का दावा है कि यह उसकी खातेदारी जमीन है। …. यह भी पढ़ें
दौसा में श्मशान के विवाद में टंकी पर चढ़ा अधेड़:लोग बोले- ग्राम पंचायत ने 3 बार NOC दी, फिर भी अतिक्रमण बता रहे दौसा में श्मशान भूमि को लेकर चल रहे विवाद के बीच रविवार सुबह एक व्यक्ति पानी की टंकी पर चढ़ गया। मामला सिकराय क्षेत्र के रामेड़ा गांव का है। सूचना पर मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टंकी पर चढ़े युवक से समझाइश करने में जुटी। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *