चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे पर सड़क हादसा:हाज्या खेड़ी पुलिया पर खड़े कंटेनर में घुसी कार, गुजरात निवासी दो जनों की मौत

चित्तौड़गढ़ ज़िले के भदेसर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाइवे पर हाज्या खेड़ी पुलिया के पास खड़े कंटेनर में तेज़ रफ्तार से आ रही एक कार जा घुसी। इस दुर्घटना में कार में सवार गुजरात निवासी एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मृतकों के बीच क्या संबंध है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। भदेसर थानाधिकारी धर्मराज मीणा ने बताया कि कार सवार लोग चित्तौड़गढ़ से उदयपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में हाज्या खेड़ी पुलिया के समीप यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क पर पहले से खड़े कंटेनर में कार ने पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही भदेसर थानाधिकारी धर्मराज मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। 112 टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया। बड़ी मुश्किल से कार का दरवाज़ा तोड़कर दोनों मृतकों के शव बाहर निकाले गए। इसके बाद शवों को चित्तौड़गढ़ जिला हॉस्पिटल की मोर्चरी में भिजवाया गया। पुलिस ने बताया कि मृत युवक के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान गुजरात निवासी दिलीप कुमार पागी के रूप में हुई है। उसके पास से महिंद्रा फाइनेंस की आईडी कार्ड मिली। इसी आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों का पता लगाकर उन्हें हादसे की सूचना दी। वहीं कार में मृत महिला के पास से भी एक आईडी कार्ड मिला है, जिस पर बामणियां किंजल नाम लिखा हुआ है। पुलिस का कहना है कि दोनों के शव का पोस्टमार्टम उनके परिजनों की मौजूदगी में ही कराया जाएगा। इसके लिए गुजरात से परिजनों को बुलाया गया है। जैसे ही परिजन चित्तौड़गढ़ पहुंचेंगे, शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। हादसे के बाद आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर इकठ्ठा हो गए। लोगों ने बताया कि यहां सड़क पर अक्सर बड़े वाहन खड़े रहते हैं, जिसकी वजह से कई बार हादसे हो चुके हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *