चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर ऑटो पलटा, बाइक बचाने में हुआ हादसा:सांवलियाजी दर्शन के लिए भीलवाड़ा से आया था परिवार, बुजुर्ग और अधेड़ महिलाएं घायल

चित्तौड़गढ़ दुर्ग मार्ग पर दोपहर को एक हादसा हो गया, जब सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में एक ऑटो अचानक असंतुलित होकर पलट गया और खाई में जा गिरा। इस ऑटो में कुल 8 महिलाएं और 5 बच्चे सवार थे। हादसा इतना अचानक हुआ कि कुछ पल के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ऑटो पलटते ही चीख-पुकार सुनाई देने लगी और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। ऑटो चालक रोहिन कुमार तिवारी ने बताया कि सामने से आ रही बाइक को टक्कर से बचाने के लिए उसने ऑटो को मोड़ने की कोशिश की, इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया। भीलवाड़ा से सांवलियाजी दर्शन जा रहा था पूरा परिवार हादसे में शामिल सभी यात्री भीलवाड़ा जिले के निवासी थे। नंदू कंवर ने बताया कि वे अपने घर की 6 महिलाएं, 5 बच्चे और पड़ोस की 2 महिलाओं के साथ भीलवाड़ा से मंडफिया स्थित श्री सांवलियाजी के दर्शन के लिए निकले थे। ऑटो भी भीलवाड़ा से ही किराए पर लिया गया था। चित्तौड़गढ़ पहुंचने पर सभी ने पहले दुर्ग घूमने की इच्छा जताई। दुर्ग दर्शन के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। परिवार के लोग धार्मिक यात्रा पर थे और अचानक हुए हादसे से सभी घबरा गए, हालांकि किसी की जान को गंभीर खतरा नहीं हुआ। घायलों को स्थानीय लोगों ने तुरंत पहुंचाया जिला हॉस्पिटल हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को जिला हॉस्पिटल चित्तौड़गढ़ पहुंचाया गया। इस दुर्घटना में 80 वर्षीय सज्जन कंवर, 50 वर्षीय संतोष कंवर, 45 वर्षीय गेंदा कंवर और 41 वर्षीय समदर जाट को ज्यादा चोटें आईं। ये सभी महिलाएं बुजुर्ग और अधेड़ उम्र की हैं। ऑटो चालक को भी हल्की चोट लगी, जबकि बाकी महिलाओं और बच्चों को मामूली चोटें आईं। हॉस्पिटल में सभी का प्राथमिक इलाज किया गया और किसी को भी भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। पुलिस जांच में सामने आया बाइक बचाने में हादसा हुआ घटना की जानकारी मिलने पर किला चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि ऑटो चालक ने सामने से आ रही बाइक को बचाने के लिए अचानक कट लिया, जिससे ऑटो पलट गया। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी यात्रियों को हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने लोगों से दुर्ग मार्ग पर सावधानी से गाड़ी चलाने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *