चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर थाना क्षेत्र के असावरा माता कस्बे में शनिवार देर रात चोरों ने दो घरों में घुसकर चोरी की। यह घटना रात करीब एक से दो बजे के बीच की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि चोर एक गाड़ी में सवार होकर आए थे और उनमें पांच से छह लोग शामिल थे। चोरों ने दोनों घरों में सो रही बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाया और उनके कान, गले व पैरों से गहने छीनकर फरार हो गए। ऐसे की थी चोरी वारदात कस्बे के गाडरी मोहल्ले में हुई, जहां टेंट व्यवसायी प्रभु लाल गाडरी का मकान है। उस समय प्रभु लाल और उनका बेटा शंभू लाल बाहर गए हुए थे। घर पर केवल प्रभु लाल की पत्नी मोहिनी बाई (50) और बेटी देवकन्या मौजूद थीं। देर रात चोर घर में घुस गए और सो रही महिला के कानों में पहने टॉप्स जोर से खींच लिए, जिससे उनके कान लहूलुहान हो गए। इसके बाद चोरों ने उनके गले में पहनी हुई मादलिया (हार) भी छीन ली और मौके से भाग निकले। महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर गाड़ी लेकर फरार हो चुके थे। 80 साल की बुजुर्ग महिला को भी बनाया शिकार इसी दौरान, प्रभु लाल गाडरी के घर पर हंगामा होने से पहले ही चोरों ने पास ही स्थित नंदलाल मेनारिया के घर को भी निशाना बनाया। नंदलाल मेनारिया और उनकी पत्नी जमना बाई (80) उस समय घर में सो रहे थे। चोर घर में घुस आए और दंपती के साथ मारपीट की। उन्होंने बुजुर्ग महिला के पैरों में पहनी कड़ियां, नाक की नथ और अन्य गहने छीन लिए। दोनों घटनाओं से पूरे कस्बे में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलने पर मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। भदेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घरों का मौका मुआयना किया। पुलिस ने आस-पास के इलाकों में नाकाबंदी कर चोरों की तलाश शुरू की, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। कंटेंट, फोटो-वीडियो – शैलेन्द्र खटोड़, भदेसर


