चित्तौड़गढ़ में छाया घना कोहरा, ठंडी हवाओं से बढ़ी ठिठुरन:न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री दर्ज, आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है ठंड

चित्तौड़गढ़ में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है और लोगों को सर्दी का ज्यादा एहसास होने लगा है। शुक्रवार सुबह शहर की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित नजर आया। मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान लगाया था कि आगामी दो-तीन दिनों तक कोहरा छाया रह सकता है और शीत लहर चलने की संभावना है। इसी पूर्वानुमान के अनुरूप शुक्रवार को सुबह-सुबह कोहरे ने पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया और ठंडी हवाओं ने सर्दी का असर और बढ़ा दिया। सुबह 10 बजे तक भी रहा कोहरा शुक्रवार तड़के चित्तौड़गढ़ में घना कोहरा छाया रहा। सुबह के समय विजिबिलिटी काफी कम रही और कई इलाकों में सामने की चीजें साफ नजर नहीं आ रही थीं। कोहरे का असर सुबह 10 बजे तक बना रहा, जिससे लोगों को दैनिक कामकाज में परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंडी हवाओं के कारण धूजणी छूटती रही और लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। खासकर सुबह टहलने निकलने वाले लोगों ने सर्दी को ज्यादा महसूस किया। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम नजर आई कोहरे का सबसे ज्यादा असर शहर के बाहर हाइवे पर देखने को मिला। यहां विजिबिलिटी करीब 100 मीटर तक सिमट गई। हाइवे से गुजरने वाले गाड़ी चालकों को गाड़ियों की लाइटें जलाकर चलना पड़ा। सुबह के समय बस, ट्रक और निजी वाहन सावधानी के साथ चलते दिखे। कोहरे के कारण सफर करने वालों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी और न्यूनतम पारा नीचे आया मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। इस तरह अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, लेकिन न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान गिरने से रात और सुबह की ठंड ज्यादा तेज महसूस की जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान – शीत लहर चलने की संभावना मौसम विभाग के अनुसार उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना पहले से जताई गई थी। इसी के तहत चित्तौड़गढ़ में भी शुक्रवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला। विभाग का कहना है कि अगर मौसम शुष्क बना रहता है तो आने वाले एक सप्ताह तक सर्दी का असर बना रह सकता है। आगामी दो-तीन दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाने और शीत लहर चलने की पूरी संभावना है। साथ ही न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट भी हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *