चित्तौड़गढ़ में बारिश और ओले का येलो अलर्ट:न्यूनतम तापमान 6 डिग्री बढ़ा, सुबह-शाम अब भी ठिठुरन

चित्तौड़गढ़ में शनिवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला हुआ नजर आया। सुबह आसमान पूरी तरह साफ रहा और धूप खिली हुई दिखी, लेकिन ठंड का असर अभी भी बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई है, जबकि रात के तापमान में अचानक ज्यादा उछाल आया है। एक ही दिन में न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री बढ़ गया। लेकिन सुबह-शाम अब भी ठिठुरन महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए जिले में येलो अलर्ट जारी किया है और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। तापमान में उतार-चढ़ाव से बदली दिनचर्या चित्तौड़गढ़ में बीते दिनों की तुलना में तापमान में बदलाव साफ तौर पर देखा गया है। न्यूनतम तापमान जो पहले 7.6 डिग्री सेल्सियस था, वह बढ़कर 13.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं अधिकतम तापमान भी 23 डिग्री से बढ़कर 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तापमान में बदलाव होने के बावजूद भी ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग की चेतावनी, जिले को येलो अलर्ट जारी मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच राज्य में एक नया और मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिसके कारण बादल छाने, बारिश होने और ओलावृष्टि की संभावना है। विभाग का कहना है कि इस सिस्टम के प्रभाव से तापमान में फिर गिरावट आ सकती है और ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने 31 जनवरी के लिए चित्तौड़गढ़ जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि 1 और 2 फरवरी के लिए जिले में कोई अलर्ट घोषित नहीं किया गया है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि राजस्थान में बदलते मौसम का असर चित्तौड़गढ़ में भी दिखाई दे सकता है। ऐसे में अचानक बारिश, तेज हवाएं या ओलावृष्टि से इनकार नहीं किया जा सकता। किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर खुले इलाकों में काम करने वालों को सावधानी बरतने को कहा गया है। आने वाले दिनों में बढ़ सकती है ठंड मौसम में हो रहे इस बदलाव का असर आम जनजीवन पर भी पड़ सकता है। यदि वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हुआ तो तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है और ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। ठंडी हवाओं के साथ सुबह और शाम के समय गलन बढ़ने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *