चित्तौड़गढ़ में बेकाबू स्कॉर्पियो गड्ढे में गिरी, 1 की मौत:बेटे की शादी का कार्ड देने निकले थे; टीचर ने हादसा देख एम्बुलेंस बुलाई

शादी का कार्ड देने जा रहे लोगों की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बेकाबू होकर सड़क के किनारे बने गड्ढे में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि SUV का हिस्सा सड़क किनारे बने गड्ढे में फंस गया। इसमें 3 लोग सवार थे जिसमें से 1 की मौत हो गई जबकि 2 गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। मामला चित्तौड़गढ़ के राशमी क्षेत्र के मुरोली–मरमी का सोमवार का है। हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे सरकारी टीचर ने रुक कर घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। शादी का कार्ड देने निकले थे तीनों ग्रामीण साथी जानकारी के अनुसार, भीमगढ़ गांव निवासी सुरेश पुत्र जीतमल जाट अपनी स्कॉर्पियो में गांव के दो अन्य लोगों को लेकर भीमगढ़ से ऊंचा गांव जा रहे थे। वे वहां शादी के कार्ड देने निकले थे। सुबह जब वे मुरोली से मरमी की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर काम चल रहा था, जिससे रास्ता संकरा और उबड़-खाबड़ था। सड़क निर्माण कार्य के चलते वाहन हुआ बेकाबू मुरोली–मरमी मार्ग पर सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार में जा रही स्कॉर्पियो संतुलन खो बैठी और सड़क के किनारे पलट गई। वाहन में चालक सुरेश, रामेश्वर पुत्र हजारीलाल जाट और नाथूलाल जाट बैठे थे। तीनों को गंभीर चोटें आईं और वे वाहन में ही फंस गए। ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से घायलों को बाहर निकाला। शिक्षक ने देखा हादसा, तुरंत एम्बुलेंस को दी सूचना घटना के समय स्थानीय शिक्षक मदनलाल नायक वहां से स्कूल जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने हादसा देखा, तुरंत 108 एम्बुलेंस को फोन कर सूचना दी। कुछ ही देर में एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को राशमी हॉस्पिटल ले जाया गया। हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने घायलों का तुरंत उपचार शुरू किया। दो घायलों को चित्तौड़गढ़ रेफर, एक ने दम तोड़ दिया अस्पताल में सुरेश और रामेश्वर की हालत गंभीर होने पर उन्हें चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं नाथूलाल जाट की चोटें ज्यादा होने के कारण इलाज के दौरान ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और गांव के लोग अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां काफी भीड़ हो गई। पुलिस ने करवाया पोस्टमार्टम, शव परिजनों को सौंपा गया सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक रमेशचंद्र वैष्णव अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। मृतक नाथूलाल के पुत्र भैरूलाल जाट की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में इस दुर्घटना को लेकर गम का माहौल बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *