चित्तौड़गढ़ में लगातार तीसरे दिन भी न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से कम ही रहा। जबकि अधिकतम तापमान में 1 डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, मौसम विभाग की ओर से 1 दिन पहले ही शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया था। लेकिन अब वापस मौसम में बदलाव होने जा रहा है।
विभाग की ओर से शीतलहर को लेकर जारी किए गए अलर्ट को हटा दिया गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि आगामी कुछ दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिलने वाली है। अधिकतम तापमान में हुई बढ़ोतरी
चित्तौड़गढ़ के मौसम में रोज बदलाव देखा जा रहा है। पिछले कई दिनों से जिले में कड़ाके की ठंड पड़ी है। पिछले तीन दिनों से न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से कम ही दर्ज हो रहा है। रविवार को रात का तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
वहीं शनिवार को रात का तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस था। हालांकि अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री दर्ज किया गया है और शनिवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तापमान में बदलाव होने की संभावना
मौसम विभाग ने एक दिन पहले ही 17 और 18 दिसंबर को चित्तौड़गढ़ में शीतलहर चलने का अनुमान लगाया था। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया था लेकिन अब मौसम विभाग में जारी किए गए अलर्ट को हटा दिया है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि अब तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी। हालांकि कड़ाके की ठंड का असर जनवरी महीने तक रहने की संभावना जताई जा रही है।


