भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शहर के स्थानीय स्टेडियम में इंडियन पीपुल्स थिएटर एसोसिएशन (इप्टा) ने वार्षिक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया। भारतीय जन गण मन संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का यह 36वां वर्ष था। स्टेडियम की सीढ़ियों पर बैठकर जब सैकड़ों बच्चों ने एक साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह रही कि बच्चों के लिए कोई विषय निर्धारित नहीं किया गया था। संस्था का उद्देश्य था कि बच्चे अपनी कल्पनाशक्ति को स्वतंत्र रूप से कागज पर उतार सकें। बच्चों ने अपनी पसंद के चित्र बनाए और उनमें रंग भरे। संस्था की ओर से ड्राइंग शीट उपलब्ध कराई गई थी, जबकि रंग और अन्य सामग्री बच्चे स्वयं लेकर पहुंचे थे। प्रतियोगिता को विभिन्न आयु वर्गों में विभाजित किया गया था। आयोजकों ने बताया कि कक्षा पहली तक के बच्चों को मुख्य प्रतियोगिता से बाहर रखा गया था, लेकिन उनके उत्साह को देखते हुए उन्हें भी मंच पर बुलाकर पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता सुबह 9 बजे शुरू हुई। बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इप्टा के सदस्यों ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए स्कूलों में जाकर संपर्क किया था। अब निर्णायक मंडल द्वारा विभिन्न वर्गों में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और 10 सांत्वना पुरस्कारों की घोषणा जल्द ही की जाएगी। इस अवसर पर नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, सिबते हसन, जितेंद्र सिंह सोढ़ी, तपन बनर्जी, इप्टा के अध्यक्ष अंजनी पांडेय, सचिव संदीप सिंह आदि मौजूद रहे।


