भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट में माघी पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़। बुधवार सुबह से ही मंदाकिनी घाट पर दोपहर 3 बजे तक पौने दो लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया। शाम तक यह आकड़ा 3 लाख पहुंचने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाह के नेतृत्व में 350 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मंदाकिनी नदी में एसडीआरएफ के जवान भी मुस्तैद हैं। मंगलवार को ही करीब ढाई लाख श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचे थे और शाम तक यह संख्या 3 लाख तक पहुंचने का अनुमान है। प्रयागराज महाकुंभ के कारण इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में विशेष वृद्धि देखी जा रही है। भीड़ प्रबंधन के लिए प्रयागराज की तरफ से आने वाले वाहनों को यूपी सीमा पर ही रोका जा रहा है। मझगवां के पिंडरा में भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया जा रहा है, जिससे कुछ स्थानों पर जाम की स्थिति बन रही है। एसपी-कलेक्टर ने लोगों से बात की कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी आशुतोष गुप्ता ने सती अनुसुइया में श्रद्धालुओं से बात कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गुप्तगोदावरी और हनुमानधारा की तरफ जाने वाले वाहनों को 2 किलोमीटर पहले ही पार्क कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


