सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र के रजौला बाइपास पर जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट और हवाई फायरिंग की घटना हुई। यह घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है, जिसका वीडियो भी सामने आया है। मामले में पुलिस ने तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक चित्रकूट निवासी गोविंद त्रिपाठी (26) का अपने ही वार्ड में रहने वाले कृष्णा उर्फ राज द्विवेदी (38), उनके पिता जुगुल किशोर द्विवेदी, भाई भरत द्विवेदी और सुमन द्विवेदी से काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले गाली-गलौज हुई और फिर लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे। मारपीट में कई लोग घायल हुए
इस मारपीट में गोविंद त्रिपाठी घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष के कृष्णा, भरत और सुमन को मामूली चोटें आई हैं। गोविंद की शिकायत पर पुलिस ने कृष्णा द्विवेदी, जुगुल किशोर द्विवेदी, भरत, सुमन और पुच्चा वर्मा के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं कृष्णा द्विवेदी की शिकायत पर गोविंद त्रिपाठी, भोला आरख, मोहित द्विवेदी और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। घटना के दौरान गोविंद त्रिपाठी की मोटरसाइकिल रजौला में ही छूट गई थी। बाइक लाने के लिए उन्होंने अपने दोस्त मोहित उर्फ भाऊ द्विवेदी (23) को भेजा। मोहित अपने साथ रोहन मिश्रा और आदर्श सिंह को लेकर मौके पर पहुंचा। आरोप है कि जब तीनों युवक बाइक लेकर वापस लौट रहे थे, तभी कृष्णा द्विवेदी ने अपने पिता जुगुल किशोर द्विवेदी की बंदूक से गाली-गलौज करते हुए हवाई फायर कर दिया। फायरिंग भी की
फायरिंग की आवाज सुनकर तीनों युवक डर गए और मौके से भाग निकले। इस मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 296(ए), 125 और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कृष्णा द्विवेदी और उनके पिता जुगुल किशोर द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


