चित्रकूट में सराफा कारोबारी को बेहोश कर लूटा:कामता गांव से बदमाश 10 लाख के सोने-चांदी के आभूषण ले गए

सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र के कामता गांव में मंगलवार दोपहर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी को बेहोश कर लगभग 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। होश में आने पर कारोबारी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कामता गांव में दिनेश सोनी की ज्वेलरी की दुकान है। दिनेश सोनी आभूषण बनाने के साथ-साथ बेचने का भी काम करते हैं। बेहोश कर आभूषणों का डिब्बा ले गए
दिनेश सोनी ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे दो युवक उनकी दुकान पर आए। उन्होंने भगवान कामतानाथ स्वामी को चढ़ाने के लिए सोने का लॉकेट और आंखें दिखाने को कहा। आभूषण पसंद करने के बाद दोनों युवकों ने 2 हजार रुपए जमा किए और थोड़ी देर में आकर आभूषण ले जाने की बात कहकर जाने लगे। इसी दौरान अचानक दिनेश सोनी बेहोश हो गए। करीब आधे घंटे बाद जब दिनेश को होश आया तो उन्होंने देखा कि दुकान से आभूषणों से भरा डिब्बा गायब था। पीड़ित कारोबारी ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। उनके अनुसार, बदमाशों ने लगभग 65 ग्राम सोने के आभूषण चुराए हैं, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपए है। चित्रकूट थाना प्रभारी गिरिजाशंकर बाजपेई ने बताया, दुकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। पुलिस गांव और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि अज्ञात आरोपियों का सुराग मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *