चिन्मय मिशन में सजी 328वीं स्वरांजलि: भजनों और संकीर्तन से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

भास्कर न्यूज | अमृतसर चिन्मय मिशन अमृतसर के तत्वावधान में चिन्मय अमृत चिन्मय मार्ग ई-ब्लॉक रणजीत एवेन्यू में 328वीं चिन्मय स्वरांजलि (भजन संध्या) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का पावन आतिथ्य प्रो. रेणु भंडारी एवं डॉ. एके भंडारी परिवार द्वारा किया गया। दोपहर 1 बजे से 2.30 बजे तक चली भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीपक द्वारा प्रस्तुत गणपति वंदना ‘जय गणेश, जय गणेश प्यारे…’ से हुआ। इसके पश्चात सुमन ठाकुर ने गुरु-स्तुति के वैदिक श्लोकों के माध्यम से गुरुकृपा और ज्ञान का भाव प्रकट किया। अविनाश ने ‘जिस देस में, जिस भेस में…’ भजन से हर स्थिति में ईश्वर स्मरण का संदेश दिया। दीपक द्वारा प्रस्तुत गुरबाणी शबद (वार भाई गुरदास जी) ने करुणा और प्रभु-भक्ति की भावना को सशक्त रूप में उभारा। सुमन ठाकुर ने ‘हर देश में तू, हर भेष में तू…’ भजन तथा ‘हरि ओम नमो नारायणाय…’ संकीर्तन से ईश्वर की सर्वव्यापकता का भाव प्रस्तुत किया। सामूहिक संकीर्तन ‘हरे कृष्ण हरे राम…’ में सभी श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। अनुपमा के ‘अधरं मधुरं…’ भजन ने श्रीकृष्ण की मधुर लीलाओं का सुंदर चित्रण किया। इस अवसर पर अपर्णा के जन्मदिवस पर सामूहिक गीत भी गाया गया। चिन्मय मिशन अध्यक्ष अविनाश महेन्द्रू ने अपने संदेश में कहा कि ‘वसुदेव सर्वम् इति’ का भाव अपनाने से जीवन में प्रेम और शांति आती है। अंत में आरती और प्रीतिभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *