चीनी मांझा ने ली मासूम की जान:पिता के साथ गार्डन जा रहे 7 साल के बच्चे का गला मांझा फंसने से कटा

राजधानी के पचपेड़ी नाका में रविवार शाम 5 बजे चायनीज मांझे की वजह से 7 साल के मासूम की मौत हो गई। मासूम पिता के साथ गार्डन घूमने जा रहा था। अचानक एक चाइनीज मांझा उड़कर आया और बच्चे के गले में फंस गए। थोड़ी ही देर में बच्चा लहूलुहान हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को तुरंत नजदीक के अस्पताल में पहुंचाया। वहां इलाज नहीं हो पाया तो उसे बच्चों के अस्पताल ले गए। लेकिन वहां मौजूद स्टाफ ने भी इलाज करने से मना कर दिया। तब बच्चे को अंबेडकर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान रात 8 बजे उसकी मौत हो गई। इसी समय देवेंद्रनगर में एक महिला वकील और बूढ़ापारा में एक युवक भी गंभीर चाइनीज मांझे से घायल हो गए। पिरदा के रहने वाले धनेश साहू (35) गाड़ी मैकेनिक हैं। वे संतोषी नगर में किराए के मकान में रहते हैं। कार शो रूम में काम करते हैं। धनेश ने भास्कर से बातचीत करते हुए फफक पड़े। उन्होंने बेटे की मौत के लिए पुलिस-प्रशासन को जिम्मेदार माना। क्योंकि प्रतिबंध के बाद भी शहर में खुलेआम चायनीज मांझा बिक रहा है। उन्होंने रोते हुए बताया कि उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा फलेश साहू (12) और छोटा पुष्कर साहू (7) था। छोटा बेटा पुष्कर पहली कक्षा में पढ़ता था। उसने रविवार शाम गार्डन जाने की जिद की। तब मोपेड पर शाम को कटोरा तालाब गार्डन जाने के लिए निकले थे। साथ में पड़ोसी की बच्ची भी थी। संतोषीनगर ब्रिज के नीचे से पचपेड़ीनाका आ रहे थे। ब्रिज के पास एक मांझा उड़कर आया। पुष्कर मोपेड में आगे खड़ा हुआ था। मांझा सीधे उसके गले में फंस गया। जैसे ही मोपेड आगे बढ़ी, मांझा गले में कस गया। पुष्कर जोर से चीखा, तब मैंने मोपेड रोकी। देखा तो उसके गले से खून बह रहा था। कपड़ा खून से रंग गया। मैंने हड़बड़ा कर मोपेड खड़ी की। मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था। मैं रोने लगा। आसपास वाले दौड़कर आए। पुष्कर को उठाकर ऑटो में बिठाया और नजदीक के अस्पताल ले गए। वहां इलाज करने से हाथ खड़ा कर दिए। तब उसे बैरनबाजार के बच्चों के बड़े अस्पताल ले गए। वहां इलाज के लिए जरूरी संसाधन नहीं होने की बात कही गई। तब मैं पुष्कर को उठाकर अंबेडकर अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। उसका गला मांझे से बुरी तरह से कट गया था। मांझा ब्रिज के ऊपर से आया था। अगर में मांझे को देख लेता तो मेरा पुष्कर जिंदा रहता है। ऐसा लग रहा है कि हमारी पूरी जिंदगी ही खत्म हो गई है। प्रशासन व पुलिस ने राजधानी में हुई 10 दिसंबर की घटना के बाद चाइनीज मांझे पर सख्त कार्रवाई का दावा किया था। पर कार्रवाई तो दूर एक भी जगह छापेमारी नहीं की। किसी दुकान से मांझा जब्त नहीं किया है। 10 दिसंबर को एनआईटी का छात्र हुआ था घायल
10 दिसंबर की शाम एनआईटी का छात्र आदित्य बाजपेयी (19) इसी तरह घायल हुआ था। वह अपने साथी के साथ सड्डू जा रहा था। एक्सप्रेस-वे के पार चायनीज मांझा उसके गले में आकर फंसा। वह गिर गया। उसका गला कट गया। इस घटना के बाद पुलिस व प्रशासन ने शहर में जांच व कार्रवाई का दावा किया था। लेकिन आज तक कोई जांच तक नहीं हुई। मांझा टूट ही नहीं रहा था…
धनेश ने बताया कि बेटे के गले में जब मांझा फंसा तो उन्होंने निकालने की बहुत कोशिश की। मांझे को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन टूटा ही नहीं। तब दांत से कटाना पड़ा। बहुत मुश्किल से मांझा टूटा। यह चायनीज मांझा है, जिससे पतंग उड़ाया जा रहा था। महिला वकील मांझे में फंस कर गिरी, अंगूठा और गला कटा
तेलीबांधा निवासी महिला वकील पूर्णांशा कौशिक मोपेड से रविवार शाम 5 बजे एक्सप्रेस-वे से होकर रेलवे स्टेशन जा रही थी। सिटी सेंटर मॉल के ठीक सामने एक मांझा आकर उनके गले में फंस। इससे वह मोपेड से गिर गई। मांझे से उनका गला कट गया है। उन्होंने निकालने का प्रयास किया तो हाथ का अंगूठा भी कट गया। उन्हें गहरी चोट आई है। आसपास वाले तुरंत उन्हें हमर अस्पताल ले गए। जहां उनका इलाज चल रहा है। महिला वकील ने बताया कि मांझा बहुत मजबूत था। हाथ से टूट नहीं रहा था। यह चायनीज मांझा है। इसी तरह बाइक सवार युवक भी बूढ़ापारा में चायनीज मांझे से घायल हो गया। मांझे में फंसने की वजह से वो गाड़ी से गिर गया। इससे उसे चोट आई है। वह उठकर खुद चला गया। घटना की पुलिस में शिकायत नहीं हुई है। घटना की जांच कर रहे हैं
टिकरापारा में 7 साल के बच्चे की मौत की सूचना अस्पताल से मिली है। घटना की जांच की जा रही है। पुलिस की टीम घटनास्थल गई थी। वहां से मांझा जब्त किया गया है। शहर के पतंग दुकानों में भी जांच की जाएगी कि प्रतिबंध के बाद भी चाइनीज मांझा तो बिक नहीं रहा है।
-डॉ. लाल उमेद सिंह, एसएसपी रायपुर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *