लुधियाना| चीन से जिप (जिपर) का सस्ता माल मंगवाने का झांसा देकर 24 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर थाना मॉडल टाउन में योगेश अरोड़ा उर्फ विक्की, गौरव और जसकरण सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। मोटी नगर निवासी गुरदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह होजरी में इस्तेमाल होने वाली जिप का थोक कारोबार करता है। आरोपी योगेश अरोड़ा उर्फ विक्की को वह पिछले कई वर्षों से जानता था। विक्की ने उसे भरोसा दिलाया कि वह चीन से कम दाम पर जिप का माल मंगवा सकता है। इसी विश्वास में आकर गुरदीप सिंह ने 11 जून 2025 को कोका कोला चौक पर 24 लाख रुपये नकद लेकर विक्की से मुलाकात की। विक्की ने अपने साथी गौरव की क्रेटा कार में उसे बैठा दिया और दुगरी रोड की ओर ले जाया गया। वहां पहले से मौजूद तीसरे आरोपी जसकरण सिंह को नकदी गिनकर सौंप दी गई। आरोपियों ने मोबाइल पर चीन में पेमेंट होने का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर भरोसा दिलाया कि रकम ट्रांसफर हो चुकी है। कुछ देर बाद जसकरण सिंह नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बाद में जब गुरदीप सिंह ने चीन स्थित सप्लायर से संपर्क किया तो पता चला कि वहां कोई पेमेंट नहीं पहुंची है। इसके बाद आरोपी टालमटोल करने लगे और पैसा भी वापस नहीं किया। शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंची, जिसपर सहायक पुलिस आयुक्त इंडस्ट्रियल एरिया-ए की जांच में पूरे घटनाक्रम को योजनाबद्ध ठगी पाया गया। गुमराह करने को फर्जी डिजिटल ट्रांजेक्शन दिखाई जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने जानबूझकर गलत आईएमईआई नंबर और फर्जी डिजिटल ट्रांजेक्शन का सहारा लिया ताकि पुलिस जांच को गुमराह किया जा सके। जिला अटॉर्नी (लीगल) की राय के बाद पुलिस कमिश्नर ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 318(4), 316(2) और 61(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच चौकी आत्म पार्क के इंचार्ज एएसआई सुनील कुमार को सौंपी गई है।


