शुभेंदु शुक्ला | अमृतसर निगम चुनाव होने के मेयर बनाए जाने को लेकर पार्षद वोटिंग के लिए नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे हैं। मगर मेयर की कुर्सी निगम की बिल्डिंग में बने मीटिंग हॉल के पास स्टोर रूम में धूल फांक रही है। पहले जिस जगह मेयर का दफ्तर था, वहां अब राही प्रोजेक्ट एक साल से चल रहा है। निगम चुनाव के बाद एक तरफ मेयर बनाने के लिए अंदरखाते राजनीतिक घमासान चल रहा है। वहीं कयास लगाए जा रहे कि किसी भी समय वोटिंग करवाकर शहरवासियों को नया मेयर मिल सकता है। लेकिन निगम की बिल्डिंग में मेयर का कोई नया दफ्तर नहीं बनाया जा सका है। मेयर के दफ्तर समेत व पार्षद मीटिंग हॉल समेत 4 कमरे अलॉट किए गए थे। जिसमें पीए के दफ्तर अलावा गेस्ट रूम भी शामिल है। निगम चुनाव संपन्न कराए जाने के बाद मेयर का नया दफ्तर किस जगह बनेगा इस बारे पड़ताल की गई तो पता चला कि अभी ऐसी कोई तैयारी नहीं है। फिलहाल जिस कुर्सी के लिए राजनीतिक घमासान चल रहा है, वह अभी निगम के स्टोर रूम में ही पड़ी है। स्टोर रूम में रखी मेयर की कुर्सी को कपड़े से ढका तक नहीं गया है। बता दें कि इस कुर्सी में सबसे ऊपर और हाथ रखने वाले जगह पर शेर का चिन्ह बना हुआ है। निगम कर्मियों से जब मेयर के बोर्ड के बारे पूछा तो बताया कि राही प्रोजेक्ट का जो बोर्ड लगा है, उसी बोर्ड के बैक साइड में मेयर दफ्तर के बारे लिखा हुआ है। बता दें कि निगम चुनाव के नतीजों को 11 दिन बीत चुके हैं मगर अभी तक मेयर तय नहीं हो पाया है। सबसे ज्यादा 40 सीट जीतने वाली कांग्रेस भी गुटबाजी के कारण मेयर तय नहीं पाई है।


