चुनाव जीतने के लिए नप अध्यक्ष के उम्मीदवार नितिन ने बनाई रणनीति, 21 वार्ड प्रभारियों को नगर विकास की दी जिम्मेदारी

भास्कर न्यूज | चाईबासा चुनाव के समय घोषणाएं एवं वादे बहुत होते हैं लेकिन कुछ लोग जीतने के बाद वादों को भूल जाते हैं लेकिन मैं वादा भूल जाने के लिए नहीं निभाने के लिए खड़ा हूं। उक्त बातें झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थित नगर परिषद अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नितिन प्रकाश ने प्रेस वार्ता आयोजित कर पत्रकारों को कही। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ बोली पर नहीं लिखित पर आ रहा हूं। शहर में 21 वार्ड हैं। हमने सभी वार्ड प्रभारियों को एक-एक खाता दिया है। जिसमें वार्ड की जो भी समस्याएं हैं वार्ड प्रभारियों को इसी खाता में अंकित करना है। अगर मैं चुनाव जीतता हूं तो प्राथमिकता के आधार पर खाते में अंकित समस्याओं का निराकरण 5 साल तक करूंगा। यही हमारा संकल्प है। यह खाता मेरे पास नहीं वार्ड प्रभारियों के पास रहेगा। उन्होंने कहा कि शहर में जो भी समस्याएं व्याप्त हैं चाहे नाली हो, सड़क हो, स्ट्रीट लाइट की समस्या हो या पेयजल की समस्या हो उसका निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के पास वर्तमान में जो भी संसाधन उपलब्ध है अगर ईमानदारी के साथ प्रदर्शिता के साथ उसको पूरा करने का संकल्प लिया जाए तो कोई भी कार्य कठिन नहीं है। अगर हम ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करते हैं तो छोटी-छोटी समस्याएं शहर में दिखाई नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि शहर में जो भी सुविधाएं हैं अगर सड़क नहीं है, नाली नहीं है तो बनाई जाएगी। जहां पेयजल की सुविधा नहीं है वहां पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल की सुविधा पहुंचाई जाएगी। इसके साथ ही वृद्धा पेंशन, मईया सम्मान योजना, विकलांग पेंशन योजना तथा विद्यार्थियों के स्कॉलरशिप जैसी समस्याओं का समाधान कैंप लगाकर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जोड़ा तालाब का सुंदरीकरण नगर विकास विभाग से बात कर किया जाएगा साथ ही बस स्टैंड तथा लीज की जो भी समस्या है उसे पूरी की जाएगी। इससे पूर्व अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नितिन प्रकाश ने वार्ड प्रभारियों के साथ बैठक की एवं चुनाव जीतने के लिए रणनीति बनाई। इसके साथ ही प्रेस कॉन्फ्रेंस से पूर्व उन्होंने सभी वार्ड प्रभारियों को एक-एक खाता व पेन प्रदान कर जिम्मेदारी सौंपी। प्रेस वार्ता में झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता घनश्याम दरबारा समेत भारी संख्या में समर्थक एवं वार्ड प्रभारी प्रभारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *