भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ मनेंद्रगढ़ स्थित राजस्थान भवन (न्यास) परिसर में नई कार्यकारिणी के चुनाव लोकतांत्रिक और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए। इस दौरान समाज के सदस्यों ने सर्वसम्मति से नए प्रतिनिधियों का चुनाव किया। निर्वाचन प्रक्रिया का कुशल संचालन चुनाव अधिकारी सुदीप पोद्दार, व्यंकटेश अग्रवाल और सोहन पोद्दार की देखरेख में हुआ। चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत में संरक्षक पद के लिए चयन किया गया। समाज के सदस्य पवन गोयल व रघुनाथ पोद्दार को सर्वसम्मति से संरक्षक के रूप में निर्वाचित किया गया। उनके चयन का उपस्थित सदस्यों ने स्वागत करते हुए इसे न्यास के विकास के लिए एक सकारात्मक कदम बताया। संरक्षकों की नियुक्ति के पश्चात अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन संपन्न हुआ, जिसमें श्यामसुंदर पोद्दार को राजस्थान भवन (न्यास) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्यामसुंदर पोद्दार और संरक्षकों ने समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि न्यास का मुख्य उद्देश्य निस्वार्थ समाज सेवा है।


