श्योपुर। शहर के प्रमुख बाजारों में शामिल चूड़ी मार्केट सबसे सकरा बाजार है। यह बाजार महिलाओं की चूड़ियों, श्रृंगार सामग्री और सौंदर्य प्रसाधनों का बाजार है। जहां दिनभर बड़ी संख्या में महिलाएं व परिवार खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। लेकिन बाजार की गली अत्यंत संकरी होने के कारण यहां पैदल चलना भी कई बार मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद दिनभर बाइक और अन्य दोपहिया वाहन बेरोकटोक बाजार के अंदर प्रवेश कर जाते हैं। इससे न केवल पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी होती है, बल्कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। कई बार वाहन चालकों और ग्राहकों के बीच कहासुनी की स्थिति बन जाती है, वहीं दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। चूड़ी मार्केट में निश्चित समय पर दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जानी चाहिए। -रवि मंगल, दुकानदार श्योपुर


