चूरू कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड मामले में किया प्रदर्शन:सरकार और पीएम का पुतला फूंका, लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप

चूरू जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार दोपहर जिला कलेक्ट्रेट के सामने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुए ताजा घटनाक्रम के बाद किया गया, जिसमें कांग्रेस नेताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया। नव नियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज मेघवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। सुजानगढ़ विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज मेघवाल ने बताया कि मोदी सरकार ईडी, सीबीआई, सीआईडी सहित अन्य लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है, जो कि अनुचित है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन न्याय के समर्थन और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग के विरोध में आयोजित किया गया था, ताकि आम जनता तक पार्टी का पक्ष स्पष्ट रूप से पहुंचाया जा सके। मेघवाल ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी भी हाल में दबने या डरने वाली नहीं है। पार्टी सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखती रहेगी। यह कार्यक्रम प्रदेश और देशभर में दिए गए आह्वान के तहत आयोजित किया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा दायर शिकायत को कोर्ट ने खारिज कर दिया है। कोर्ट ने ईडी की ओर से की गई कार्रवाई का कोई ठोस आधार नहीं माना। विरोध प्रदर्शन में असलम खोखर, किशोर दांदू, रियाजत खान, मुश्ताक खान, विकास मील, जमील चौहान, बजरंग सैन, अरविंद चाकलान, कल्याणसिंह शेखावत, रामवीर सिंह रायका, मुख्तयार खान, अहसान खान, दिलावर खान, रामनिवास सहारण, सुनील मेघवाल झारिया, सद्दाम हुसैन, आदूराम न्यौल सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *