चूरू की बेटी प्रिया भारतीय शूटिंग टीम में सिलेक्ट:भोपाल प्रतियोगिता में 602.5 स्कोर करने पर हुआ चयन, देश का करेंगी प्रतिनिधित्व

चूरू की बेटी निशानेबाज प्रिया चौधरी का भारतीय राष्ट्रीय शूटिंग टीम में चयन हो गया है। उन्होंने भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता में 602.5 का शानदार स्कोर हासिल किया। जिसके आधार पर चयनकर्ताओं ने उन्हें देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना। यह प्रतियोगिता 10 दिसंबर से भोपाल में शुरू हुई थी। प्रिया के इस प्रदर्शन को अंतरराष्ट्रीय मानकों पर बेहद प्रतिस्पर्धी माना जा रहा है, और विशेषज्ञों को आगामी एशियाई व विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में उनसे पदक की उम्मीद है। कोच ने की सराहना
प्रिया चौधरी ने अपनी सफलता की नींव चूरू जिला स्टेडियम में चिंगारा शूटिंग रेंज में रखी। वह लंबे समय से अनुभवी कोच कर्णवीर सिंह राठौड़ के मार्गदर्शन में गहन अभ्यास कर रही हैं। कोच राठौड़ ने बताया कि प्रिया की एकाग्रता और तकनीकी समझ उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अलग बनाती है।
स्टेडियम में सीमित सुविधाओं के बावजूद, प्रिया के निरंतर अभ्यास और कोच की रणनीति ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। कोच राठौड़ ने उनकी लगन की सराहना की। प्रिया बोलीं— कोच ने छोटी-छोटी बा​रीकियों पर काम कराया
अपनी उपलब्धि पर प्रिया ने इसका श्रेय अपने पिता नौरंग खोथ, माता मीरा और विशेष रूप से कोच कर्णवीर सिंह राठौड़ को दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय टीम के लिए चुना जाना एक सपने जैसा है और कोच ने उन्हें छोटी से छोटी बारीकियों पर काम करना सिखाया, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा।
प्रिया के चयन की खबर से खेल प्रेमियों, शहर के गणमान्य नागरिकों और खेल विभाग के अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। जिला प्रशासन ने भी इसे चूरू के लिए गर्व का क्षण बताया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *