चूरू में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। तापमान में अचानक गिरावट आने से लोगों को कड़ाके की सर्दी का अहसास हुआ। घने कोहरे के चलते सड़कों पर वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। इससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और लोगों की दैनिक दिनचर्या देरी से शुरू हुई। हालांकि, सुबह के समय छाए इस घने कोहरे को चने की फसल के लिए फायदेमंद बताया जा रहा है। यह फसलों के लिए वरदान साबित हुआ है। चूरू में मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट का असर बुधवार को देखने को मिला। चूरू के अलावा रतनगढ़ में भी सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तरी व उत्तरी-पश्चिमी राजस्थान के लिए आने वाले दिन महत्वपूर्ण रहेंगे। शर्मा के अनुसार, प्रदेश में मौसम का मिजाज अचानक बदलने वाला है और मावठ की जोरदार गतिविधि देखने को मिल सकती है। बदलते मौसम के कारण चूरू जिले के सरदारशहर, रतनगढ़, सुजानगढ़, तारानगर और राजगढ़ में 21 से 28 जनवरी तक मध्यम से तेज बारिश, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली गिरने की आशंका, तेज हवाएं तथा कई इलाकों में ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है।


