चूरू में छाया सीजन का पहला घना कोहरा:विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रही, सड़क पर रेंग-रेंगकर चली गाड़ियां

चूरू में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। सर्दी के मौसम का यह पहला कोहरा था। कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम हो गई, जिससे सड़कों पर वाहन धीमी गति से चलते दिखे। हेडलाइट जलाने के बावजूद सामने कुछ भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था।
जिले में आज का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री दर्ज किया गया है। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिसंबर के अंतिम सप्ताह में पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि 24 दिसंबर से उत्तरी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में पुनः 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। पश्चिमी और उत्तरी भागों में कहीं-कहीं घना कोहरा दर्ज होने की भी संभावना है। कृषि सहायक निदेशक कुलदीप शर्मा के अनुसार, इस घने कोहरे से चने की फसल को काफी लाभ मिलेगा। इससे चने के पौधों की वृद्धि बेहतर होगी।
लगातार गिरते तापमान के कारण सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिमन्यु तिवारी ने बताया कि इस समय छोटे बच्चों में सर्दी, जुकाम, बुखार और निमोनिया की शिकायतें बढ़ रही हैं। अस्पताल में सर्दी-जुकाम के रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *