चूरू जिले में दूधवाखारा पुलिस ने लोहे के स्क्रैप से भरे एक ट्रक से 15 किलो 60 ग्राम डोडा-पोस्त जब्त किया है। इस मामले में 2 तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। दूधवाखारा थानाधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में NH-52 पर मयूर होटल के पास नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में लोहे का स्क्रैप भरा मिला। ट्रक में सवार 2 व्यक्तियों से पूछताछ करने पर पता चला कि ट्रक में उदयपुर से लोहे का स्क्रैप भरा गया था, जिसे पंजाब की गोविंदगढ़ मंडी ले जाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि डोडा पोस्त उदयपुर के मंगलवाड़ा से लिया गया था और उसे भी पंजाब ले जाया जा रहा था। पुलिस ने इस नाकाबंदी के दौरान ट्रक से 15 किलो 60 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। पुलिस ने ट्रक के साथ पटियाला, पंजाब निवासी रोशन सिंह और सरदारा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच रतननगर थानाधिकारी रामनिवास बीड़ासरा कर रहे हैं।


