चूरू शहर के अगुणा मोहल्ला में पतंग के पीछे बीहड़ में गया एक 13 वर्षीय बालक लापता हो गया है। इस संबंध में परिजन कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। उत्तर प्रदेश के सदरपुर गांव निवासी अब्दुल (50) पिछले करीब 30 वर्षों से अपने परिवार के साथ चूरू शहर के अगुणा मोहल्ला, वार्ड 38 स्थित दरगाह क्षेत्र में रह रहा है। अब्दुल ने बताया कि 1 जनवरी को उसका 13 वर्षीय बेटा आमिर घर के पास पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान उसकी पतंग कट गई, जिसे पकड़ने के लिए वह दौड़ता हुआ बीहड़ की ओर चला गया। इसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी देर तक बालक का इंतजार किया। जब शाम तक उसका कोई पता नहीं चला, तो परिजन और मोहल्लेवासियों ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर भी खोजबीन की गई, लेकिन कहीं से भी आमिर का कोई सुराग नहीं मिल सका। बीहड़ क्षेत्र में भी व्यापक खोज की गई। लगातार तीन दिनों तक तलाश करने के बाद भी बालक का पता नहीं चलने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। रविवार को पिता अब्दुल ने कोतवाली थाना पहुंचकर मामले को लेकर परिवाद दर्ज कराया। परिवाद में बालक के हुलिए, कपड़ों और लापता होने की पूरी जानकारी पुलिस को दी गई है। कोतवाली थाना पुलिस ने परिवाद के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों, बीहड़ इलाके और संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है। परिजनों ने लोगों से अपील की है कि 13 वर्षीय आमिर के बारे में कोई भी सूचना मिलने पर चूरू के कोतवाली थाना या मोबाइल नंबर 9929983255 पर सूचित करें।


