चूरू में बर्फीली हवाओं ने लोगों को ठिठुराया:तापमान 6 डिग्री के करीब पहुंचा, गलन के कारण बढ़ी ठंड

चूरू में बर्फीली हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोग ठिठुर गए। सर्दी से राहत पाने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। शाम ढलते ही शहर के बाजार सूने हो जाते हैं और रौनक कम दिखाई देती है। दिनभर चलने वाली बर्फीली हवाओं में गलन इतनी अधिक है कि लोग धूप में भी गर्म कपड़े पहनकर बैठे रहते हैं। सुबह 11 बजे के बाद ही सूर्य के दर्शन होते हैं, लेकिन उसकी धूप में भी हवाओं की गलन महसूस होती है।
कड़ाके की सर्दी के चलते शहर में जगह-जगह चाय और मूंगफली की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रहती है। हालांकि, गुरुवार सुबह कोहरा नहीं था, फिर भी सर्द हवाओं ने लोगों को कंपकंपा दिया। अचानक बढ़ी सर्दी के कारण अस्पतालों में रोगियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों में निमोनिया के मामले बढ़ने लगे हैं। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप कुलहरी ने सलाह दी है कि सर्दी के मौसम में छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें। उन्हें अचानक गर्म कपड़ों से निकालकर ठंडी जगह पर न लाएं, क्योंकि इससे सर्दी-जुकाम और बुखार होने की आशंका बढ़ जाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *