चूरू में बस और टैक्सी ड्राइवरों में मारपीट विवाद:कोतवाली पुलिस ने दोनों ओर से मामला किया दर्ज, जांच शुरू

चूरू शहर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में बस और टैक्सी ड्राइवरों के बीच हुए विवाद के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज की हैं। दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, रतननगर निवासी सद्दाम (30) ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह चूरू से रामगढ़ जाने के लिए अपनी बस पुराना बस स्टैंड पर खड़ी कर रहा था। इसी दौरान प्रमोद भाकर, गोपाल सहित पांच-सात अन्य लोग कार में आए और उस पर हमला कर दिया। सद्दाम ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी जेब से 28 हजार रुपए नकद और एक सोने की चेन छीन ली गई। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल सद्दाम को असलम खां द्वारा डीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, गांव सिरसली के प्रमोद कुमार (40) ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि पुराना बस स्टैंड स्थित टैक्सी स्टैंड पर एक बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। उन्होंने जान से मारने की धमकी देते हुए पिस्टल भी दिखाई। प्रमोद ने यह भी बताया कि 10 जनवरी को उसी स्थान पर बस ड्राइवर ने फिर से उसके साथ मारपीट की और पिस्टल दिखाकर धमकाया। शोर मचाने पर लोग जमा हुए तो आरोपी दीवार फांदकर भाग गए। कोतवाली पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों की जांच उप निरीक्षक (एसआई) मनोज कुमार को सौंपी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *