चूरू के प्रतिभा नगर स्थित सोती स्मृति भवन में कुमार केशव सेवा प्रन्यास द्वारा श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का आयोजन रविवार से किया जाएगा। स्वामी रामसुखदास महाराज के अनुयायी हरिशरण महाराज दोपहर सवा 12 बजे से कथा का वाचन करेंगे। कथा के शुभारंभ से पूर्व सुबह बद्रीनारायण मंदिर से कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो कथा स्थल सोती स्मृति भवन पहुंचेगी। महिलाएं अपने घरों से कलश लेकर आएंगी, जिन्हें कथा स्थल पर रखा जाएगा और समाप्ति के बाद वापस ले जाया जा सकेगा। प्रतिदिन सुबह पांच बजे प्रार्थना सभा और प्रभात फेरी भी आयोजित की जाएगी। हरिशरण महाराज पिछले 25 वर्षों से साल के 365 दिन श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करते आ रहे हैं। वे भाईजी चौक स्थित रामजी कृपा भवन में हर रविवार सुबह सात बजे होने वाले कीर्तन में भी मौजूद रहेंगे। कथा के सफल आयोजन के लिए समिति द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


