चूरू जिले के घांघू गांव के पास एनएच 52 पर हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घांघू निवासी विशाल और हरिराम को सिर, हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। यह दुर्घटना तब हुई जब दोनों युवक लाखाऊ से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में अचानक एक बेसहारा पशु सड़क पर आ गया, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन आधे घंटे से अधिक समय तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें निजी वाहन से चूरू के डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया। सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस भी इमरजेंसी वार्ड पहुंची और घायलों व उनके परिजनों से घटना संबंधी जानकारी जुटाई। परिजनों ने 108 एंबुलेंस की देरी पर नाराजगी व्यक्त की और बताया कि इस कारण घायलों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।


