चूरू शहर में 10 करोड़ से बन रहीं 55 सड़कें, 15 बन चुकीं

भास्कर संवाददाता | चूरू शहरवासियों के लिए राहत की खबर है। पीडब्ल्यूडी शहर में 55 नई सड़कें बना रही है। 10 करोड़ रुपए की लागत से शहर में 13.97 किमी की सड़कें बन रही हैं। इनमें वो सड़कें शामिल की गई हैं, जो लंबे समय नहीं बनी हैं। शहर के लगभग हर वार्ड में क्षतिग्रस्त सड़कें हैं। वहीं कई मुख्य सड़कें भी क्षतिग्रस्त है। इसके कारण वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। इन सड़कों का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोगों को राहत मिलेगी। खास बात ये है कि इनका काम अगले चार महीनों में यानी अप्रैल तक पूरा हो जाएगा। दिसंबर 2025 में इनका काम शुरू हुआ था, जिसके बाद अब तक 15 सड़कें बन चुकी हैं तथा 40 सड़कें और बनेंगी। जानकारी के अनुसार शहर में अब तक जो सड़कें बनीं हैं, उनके अधिकांश सड़कें प्रतिभा नगर, गायत्री नगर व झारिया मोरी के पास बनीं है। वार्ड 57 में 3 तथा वार्ड 2, 55 व 56 में दो-दो नई सड़कें बनीं हैं। गढ़ चौराहा से मोचीवाड़ा की तरफ जाने वाली मुख्य सड़क का काम अभी तक शुरू नहीं हुआ है। ये शहर की मुख्य सड़क हैं, कई वार्डों के लोगों का इस रास्ते से आवागमन हैं और पिछले 5 साल से ये क्षतिग्रस्त हैं। ऐसे में विभाग इसे प्राथमिकता ना देकर अन्य सड़कें पहले बनवा रहा है। स्थानीय लोग इस संबंध में कई बार ज्ञापन भी दे चुके हैं। ^शहर में 55 नई सड़कें बनाई जा रही हैं, इनमें से 15 सड़कें बन चुकी हैं। शेष बची 40 सड़कों का काम अप्रैल तक पूरा हो जाएगा। गढ़ चौराहा से मोचीवाड़ा तक की सड़क भी इसमें शामिल है। -हिमांशु महला, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, चूरू

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *