भास्कर न्यूज | जांजगीर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने एवं बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से चाम्पा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी व टिकट जांच अभियान चलाया गया। यह विशेष अभियान 25 दिसंबर को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.एस. चौहान के नेतृत्व में संपन्न हुआ। अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक एवं टिकट जांच स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। अभियान के दौरान चाम्पा स्टेशन से गुजरने वाली कुल 13 ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई। जांच के परिणामस्वरूप बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। 238 मामलों में यात्रियों से 1 लाख 42 हजार 865 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने के 165 मामलों से सर्वाधिक 1 लाख 6 हजार 985 रुपये की वसूली की गई। वहीं अनियमित टिकट के 57 मामलों में 33 हजार 980 रुपए व बिना बुक किए गए लगेज के 16 मामलों में 1 हजार 900 रुपए का जुर्माना वसूला गया। रेल प्रशासन के अनुसार यह अभियान रेलवे नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ यात्रियों को जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रकार की कार्रवाई से ईमानदार यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलती है और रेलवे को राजस्व की क्षति से बचाया जा सकता है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा स्टेशन परिसर में प्रवेश से पहले प्लेटफार्म टिकट अवश्य खरीदें। यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने के लिए फुटओवर ब्रिज का उपयोग करने की सलाह दी गई है।


