चेक से ली 5.40 लाख की रिश्वत, 50 हजार कैश:मऊगंज में शिक्षा विभाग का बाबू रंगेहाथ पकड़ाया; रिटायर्ड टीचर से मांगे थे रुपए

मऊगंज में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय में पदस्थ अकाउंटेंट 5 लाख 90 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ाया है। खास बात ये है कि उसने 50 हजार रुपए कैश और 5 लाख 40 हजार रुपए का चेक लिया। आरोपी अकाउंटेंट का नाम राजाराम गुप्ता है। उसने रिटायर्ड शिक्षक राम निहोर साकेत से एरियर्स और अर्जित अवकाश की राशि का भुगतान करने के लिए रिश्वत मांगी थी। उसे रकम लेकर अपने ही ऑफिस बुलाया था। इसी दौरान रीवा से पहुंची लोकायुक्त की टीम ने बुधवार शाम करीब 5 बजे उसे रिश्वत लेते पकड़ लिया। आरोपी अकाउंटेंट राजाराम गुप्ता मऊगंज स्थित सीएम राइज शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल में भी बतौर बाबू पदस्थ है। 30 हजार रुपए पहले भी ले चुका था आरोपी बाबू
फरियादी रिटायर्ड शिक्षक राम निहोर साकेत ने रीवा के लोकायुक्त कार्यालय में अकाउंटेंट राजाराम गुप्ता के खिलाफ शिकायत की थी। फरियादी ने बताया था कि उसके एरियर्स एवं अर्जित अवकाश की राशि 12 लाख 70 हजार रुपए का भुगतान करने के लिए राजाराम गुप्ता ने 50 प्रतिशत राशि 6 लाख 20 हजार रुपए बतौर रिश्वत मांगी है। जमानत के तौर पर चेक व फोन-पे के माध्यम से दिए गए बैंक खाते में 25 हजार और 5 हजार रुपए लेने के बाद शेष राशि की मांग की जा रही थी। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
लोकायुक्त की टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया। इसके बाद प्लानिंग के तहत प्रभारी अकाउंटेंट को ट्रैप किया गया। आरोपी बाबू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *