चोरी का मामला:व्यापारी के दुकान से सिर्फ 7 मिनट में 8 किलो चांदी, 1 तोला सोना चोरी

खरीफाटक रोड स्थित अरिहंत ज्वेलर्स में शनिवार-रविवार की रात बड़ी चोरी हो गई। 8 से 10 चोरों ने पहले चौकीदार को गुलेल से पत्थर मारकर डराया। फिर 2.38 बजे सब्बल से शटर उठाया। चैनल गेट के ताले तोड़े। दुकान में घुसे और कांच तोड़कर डिस्प्ले और शोकेस से ज्वेलरी से भरे बॉक्स निकाले। 2.45 बजे तक भाग निकले। यानी सिर्फ 7 मिनट में 8 किलो चांदी, 1 तोला सोना और 40 हजार रुपए नकद समेत कुल 20 लाख की चोरी कर ले गए। चोरी के बाद डीसीबी बैंक के पीछे डिब्बों से ज्वेलरी निकाली और खाली डिब्बे वहीं फेंक दिए और फरार हो गए। जानकारी मिलते ही दुकान संचालक वैभव जैन और परिजन मौके पर पहुंचे। दुकान संचालक ने बताया कि 24 दिसंबर को कुछ संदिग्ध लोग दुकान की रेकी करते हुए सीसीटीवी में दिखे थे। पुलिस को इसके फुटेज भी दिए थे। कहा था कि ये चोर हो सकते हैं। चोर रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर एक की ओर जाने वाली गली से आए और उसी रास्ते से भागे। जबकि दुकानदार ने वहां 7 फीट ऊंची दीवार बनवाई थी, उसे फोड़ दिया। कोतवाली पुलिस ने शैलेंद्र चौधरी की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं। प्रत्यक्षदर्शी… चोर बोले- भाग जा नहीं तो मार देंगे
चौकीदार अतरसिंह विश्वकर्मा ने बताया कि रात में आग तापते समय 8–10 चोर आए। उन्होंने गुलेल से पत्थर मारे और धमकाते हुए भागने को कहा। सभी के चेहरे ढंके थे और पारदी जैसी भाषा में बात कर रहे थे। डर के कारण वह मदद बुलाने गया, इसी दौरान चोरी हो गई। ठंड और कोहरे में बढ़ जाती हैं चोरियां
थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया, दिसंबर से फरवरी के बीच ठंड और कोहरे में चोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ज्वेलर्स को डिस्प्ले में नकली ज्वेलरी रखने की सलाह दी। कीमती सामान घर ले जाने या लॉकर में रखने को कहा। दुकानों में सायरन लगाने की भी बात कही। पुलिस के मुताबिक गश्त की जा रही थी। फिर भी चोरी हो गई। व्यापारियों में नाराजगी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *