लुधियाना | मॉडल टाउन थाना पुलिस ने गश्त के दौरान चोरी हुई एक्टिवा के साथ तीन युवकों को दबोच लिया। जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि तीन युवक एक्टिवा PB-12-S-1173 पर सवार होकर सिंधवा कैनाल के पास से गुजर रहे हैं और उसे बेचने जा रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी और सिंधवा कैनाल के पास शराब के ठेके के नजदीक से अब्दुलपुर बस्ती के भीम, विक्की और मंजीत नगर के गोलू को काबू कर लिया। मौके से चोरी की एक्टिवा बरामद कर ली गई, जो मॉडल टाउन गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह जी के पास से चोरी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, जब आरोपियों से पूछताछ की गई कि उन्होंने एक्टिवा कब और कैसे चुराई, तो वे नशे में होने के कारण कुछ भी साफ-साफ नहीं बता सके। तीनों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है।


