लुधियाना| थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने ताजपुर रोड चौकी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की बाइक और चोरी के मोबाइल फोन बेचने आए एक आरोपी को दबोच लिया। पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि जालंधर निवासी साजन खुराना चोरी की मोटरसाइकिल PB-10-GM-0493 पर सवार होकर ताजपुर पिंड की तरफ से मोबाइल फोन बेचने आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद आरोपी बाइक सहित मौके पर पहुंचा और पुलिस टीम ने उसे रोककर काबू कर लिया। जांच के दौरान यह साफ हो गया कि मोटरसाइकिल चोरी की है, जबकि आरोपी के पास से चोरी के 5 मोबाइल फोन भी बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक साजन खुराना मोबाइल और वाहन चोरी करने का रिकॉर्डेड आदी है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच की जा रही है और आरोपी से यह पूछताछ भी हो रही है कि चोरी का सामान वह कहां से लाता था और किस चैनल के जरिए बेचता था।


