लुधियाना| लुधियाना के थाना सराभा नगर की पुलिस ने लूट और झपटमारी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों पर सवार होकर लूटे गए मोबाइल फोन बेचने जा रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से दो बिना नंबर की मोटरसाइकिलें और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एएसआई बलजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम आशापुरी चौक, बाड़ेवाल इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी और झपटमारी की वारदात में शामिल हैं और फिलहाल चोरी की मोटरसाइकिलों पर लूटे गए मोबाइल फोन बेचने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव इयाली कलां के पास नाकाबंदी की। कुछ ही देर में तीन युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिलों पर आते दिखाई दिए। शक के आधार पर पुलिस ने उन्हें रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो चोरी की मोटरसाइकिलें और छह मोबाइल फोन बरामद किए। इसके बाद तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव दुगरी निवासी मनप्रीत सिंह, जम्मू कॉलोनी निवासी महिंदर प्रताप सिंह और अर्बन एस्टेट दुगरी निवासी मनवीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे और भी वारदात का खुलासा होने की संभावना है।


