लुधियाना| शहर में राहगीरों से हथियार के बल मारपीट कर लूटपाट करने वाले गिरोह पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 8 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पहले मामले में थाना दरेसी की पुलिस ने दौलत कॉलोनी क्षेत्र में बाइक (PB-10-HR-5986) पर घूम रहे दो आरोपियों को काबू किया। जांच अधिकारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में राहुल कुमार पुत्र राजेश कुमार और सुमित कुमार पुत्र अनिल कुमार, दोनों निवासी अशोक नगर, को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 4 लूटे हुए मोबाइल फोन बरामद हुए। दूसरे मामले में थाना साहनेवाल की पुलिस ने लूटे गए मोबाइल फोन बेचने जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सोनू पुत्र छोटे लाल निवासी आसा कांडा, गोविंद कुमार पुत्र रमेश चंद निवासी आंबेडकर नगर और मंदीप सिंह पुत्र चरणजीत सिंह निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है। इनके कब्जे से भी 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।


