झालावाड़ जिले के खानपुर कस्बे में 11 दिन पहले चोरी हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खानपुर पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। यह ट्रैक्टर-ट्रॉली 21 दिसंबर को ग्राम कवल्दा से चोरी हुई थी। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि चोरी की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए थानाधिकारी रविंद्र सिंह ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मुख्य आरोपी मुकेश कुमार नायक (37), महेंद्र नायक (38) और बनवारीलाल मीणा (34) को गिरफ्तार किया है। मुकेश नायक झालावाड़ के लडानिया का निवासी है और वर्तमान में बारां के छबड़ा में रहता है। महेंद्र नायक बारां के अंता का निवासी है और वर्तमान में कोटा शहर के रानपुर में रहता है। वहीं, बनवारीलाल मीणा बारां के मांगरोल का निवासी है और वर्तमान में कोटा शहर के रानपुर में रहता है। कवल्दा निवासी परमानंद धाकड़ के पुत्र बनवारीलाल धाकड़ ने 28 दिसंबर को खानपुर थाने में अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। थानाधिकारी रविंद्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसने करीब 140 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी अनुसंधान की मदद ली। तकनीकी सहायता और गहन जांच के बाद संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई। पुलिस टीम ने आरोपियों को माईकला के जंगल से गिरफ्तार कर चोरी किए गए ट्रैक्टर को बरामद करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों में से एक, बनवारीलाल मीणा के खिलाफ पूर्व में 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।


