अनूपपुर जिले में पुलिस ने चोरी के पांच और एक सुनार सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र में हुई तीन बड़ी चोरियों का पता चला है। गुरुवार रात राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र के लीला गांव में गश्त के दौरान थाना प्रभारी और महिला आरक्षक ने सड़क किनारे खड़ी संदिग्ध कार में युवकों को बैठे देखा। पूछताछ के दौरान युवक सही जवाब नहीं दे पाए और घबरा गए। पुलिस ने कार में बैठे राकेश नागेश्वर, आर्यन बहारे, अर्जुन चौधरी और अभिषेक चौधरी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने राजेंद्रग्राम, डिंडौरी और अन्य जगहों पर चोरी करना स्वीकार किया। सुनार के पास से जेवरात बरामद पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का सामान सुनार अंकित सोनी को बेचना बताया। पुलिस ने अंकित सोनी से पूछताछ के बाद चोरी के जेवरात बरामद किए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27 ग्राम सोना, 1300 ग्राम चांदी, तीन मोबाइल फोन, ताला तोड़ने के औजार और कार जब्त की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है। तीन बड़ी चोरियों का खुलासा राजेंद्रग्राम थाने में दर्ज तीन चोरी के मामलों की गुत्थी सुलझी है। 26 अक्टूबर 2025 को सरला पडवार के सूने मकान से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी हुई थी। 7 जनवरी को जवाहर वर्मा के घर से जेवरात और नकदी चोरी हुई थी। 15 जनवरी को अजय कुमार अग्रवाल के घर से नकदी चोरी हुई थी। इन मामलों में पुलिस काफी समय से आरोपियों की तलाश कर रही थी।


