भिंड के वार्ड क्रमांक एक में शुक्रवार देर रात अटेर रोड स्थित एक घर में चोरों को मकान मालिक ने कमरे में बंद कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, धीरेंद्र शर्मा (60) के मकान में उस समय चोरी की कोशिश हुई जब वे अपने गांव बरकापुरा गए थे। मकान पर उनका बेटा कुबेर प्रसाद शर्मा मौजूद था। कुबेर मकान पर ताला लगाकर पास के तबेले में गया था। इसी दौरान ताला तोड़कर तीन चोर मकान में दाखिल हुए। चोरी की तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान कुबेर लौट आया, देखा तो घर का ताला टूटा था। शक होने पर भीतर झांका, तीनों चोर सामान समेट रहे थे। कमरे का गेट बाहर से बंद कर ताला लगाया
कुबेर ने सूझबूझ दिखाई और कमरे का गेट बाहर से बंद करके उसमें ताला लगा दिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को फोन किया। देहात थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और ताला खुलवाकर तीनों चोरों को पकड़ लिया। टीआई मुकेश शाक्य ने बताया कि चोरों से पूछताछ की जा रही है।


