चौकीदार को पिस्टल दिखाकर 16 लाख के पाइप लूटे:दो कार और ट्रक लेकर पहुंचे थे बदमाश, पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लिया

जल जीवन मिशन के तहत जबलपुर के ग्रामीण क्षेत्र में बिछाई जा रही पाइप लाइन लूटने का मामला सामने आया है। मंगलवार रात दो कार और दो ट्रक लेकर ग्राम उड़ना स्थित एफ्फान इंफ्रा लिमिटेड के प्लांट पहुंचे 20-25 हथियारबंद बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर प्लांट पर रखे लाखों के पाइप लूट लिए। सुबह चौकीदार ने अधिकारियों को सूचना दी, तब पाटन थाने ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लूटे गए पाइपों की कीमत 16 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। दो संदेहियों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। हर घर पहुंचाना है पानी जल निगम का जबलपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रोजेक्ट चल रहा है, जिसके तहत हर गांव तक पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाई जा रही है। निगम पाटन के आसपास गांव में भी पाइप बिछा रहा है, जिसके लिए उड़ना गांव में प्लांट लगाया गया है। यहां पर सारे माल का स्टाक किया गया है और यहीं से काम की साइड पर पाइप भेजे जाते हैं। प्लांट पर तैनात चौकीदार देर रात सो रहा था, तभी अचानक दो कार और दो ट्रक पहुंचे। उनमें से 20 से 25 लोग उतरे और चौकीदार को बोला कि दूसरे स्थान पर काम चल रहा है, वहां पाइप कम पड़ गए हैं, इसलिए ले जा रहे हैं। चौकीदार ने सुबह आने को कहा तो वे नाराज हो गए और पिस्टल निकालकर दिखाने लगे। इसके बाद बदमाश पाइप ट्रकों में भरकर फरार हो गए। चौकीदार कृष्ण कुमार रैकवार ने बताया कि देर रात आए 20 से 25 लोग 56 से अधिक पाइप लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पाटन थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। बताया जा रहा है कि दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया है, जबकि कुछ लोगों के भोपाल में होने की सूचना है। पुलिस तलाश में जुटी एएसपी सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि जल निगम का काम चल रहा था। चौकीदार ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग कार में आए थे और ट्रक में पाइप भर लिए। चौकीदार ने जब पूछताछ की तो कहने लगे कि अन्य जगह पर शिफ्ट करना है। इस दौरान लुटेरों ने अधिकारियों का भी नाम लिया। चौकीदार की शिकायत पर पाटन थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दो संदेहियों को अभी पकड़ा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *